नई दिल्ली: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस और पूरे विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में भारी हंगामा देखने को मिला। बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने चर्चा में हिस्सा लेते हुए कांग्रेस और विशेषकर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। दुबे ने राहुल गांधी की कार्यशैली और कांग्रेस की राजनीति को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ करार दिया।
‘अज्ञानता और अहंकार का शिकार हैं राहुल’
निशिकांत दुबे ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति इग्नोरेंट, एरोवेंस का शिकार हो जाता है, तो वह ‘लीडर ऑफ अपोजिशन’ के बजाय ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ बन जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस अब तक 95 चुनाव हार चुकी है, जिसके कारण देश और मीडिया अब उन्हें गंभीरता से लेना बंद कर चुका है।
विदेशी दौरों और फंडिंग पर उठाए गंभीर सवाल
बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी की विदेश यात्राओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए। दुबे ने दावा किया कि 2014 से 2026 के बीच राहुल गांधी ने 260 विदेश यात्राएं की हैं। उन्होंने सदन में पूछा, “गांधी परिवार का कोई घोषित कारोबार नहीं है, तो फिर कंबोडिया, मलेशिया, वियतनाम और लंदन जैसे देशों की इन महंगी यात्राओं को कौन प्रायोजित कर रहा है?”
कांग्रेस की ‘तुच्छ राजनीति’ पर कटाक्ष
दुबे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पिछले 12 वर्षों से सत्ता से बाहर है और अब संवैधानिक संस्थाओं को अपने हिसाब से नियंत्रित नहीं कर पा रही है, इसीलिए हताशा में ओम बिरला के खिलाफ यह प्रस्ताव लाया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर ‘वोट बैंक की राजनीति’ का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस केवल अल्पसंख्यकों के वोटों के लिए राजनीति करती है, जबकि जमीनी हकीकत और राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर हमेशा समझौता करती रही है।







