अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के बरियो चौकी क्षेत्र के भेलाई खुर्द गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां क्रशर प्लांट में काम करने वाले दो युवकों के साथ प्लांट संचालकों और उनके साथियों ने बर्बरता की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक अर्धनग्न अवस्था में पाइप और रस्सी से बंधा हुआ है। कुछ लोग उसे जमीन पर गिराकर लात और जूतों से मार रहे हैं। आसपास मौजूद लोग उससे पेट्रोल-डीजल के पैसे को लेकर पूछताछ भी कर रहे हैं। पीड़ित युवक का नाम विनोद सारथी बताया गया है, जो बघिमा गांव का रहने वाला है। वह क्रशर प्लांट में पोकलेन मशीन का ऑपरेटर है, जबकि दूसरा युवक भी उसी प्लांट में काम करता है।
नईदुनिया जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों पर पेट्रोल-डीजल चोरी का शक जताया गया था। इसके बाद क्रशर संचालकों और उनके साथियों ने उन्हें पकड़कर एक कमरे में बंद कर दिया। वहां एक युवक को रस्सी और पाइप से बांध दिया गया, जबकि दूसरे युवक के कपड़े उतरवाकर पूछताछ की गई। इसी दौरान घटना का वीडियो बनाया गया, जो अब सोशल मीडिया में तेजी से फैल रहा है।
वीडियो सामने आने के बाद बरियो चौकी पुलिस हरकत में आई। चौकी प्रभारी रविन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित विनोद सारथी की पहचान हो चुकी है और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि डर के कारण वह शिकायत दर्ज कराने से हिचक रहा है।
पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है। अधिकारीयों ने कहा कि दोषियों पर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि यह घटना पिछले साल हुई उस घटना की याद दिलाती है, जब सीतापुर क्षेत्र में एक ठेकेदार और उसके साथियों ने आदिवासी मजदूर की हत्या कर शव को छिपाने के लिए उसके ऊपर पानी की टंकी बना दी थी।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में SIR अभियान की निगरानी के लिए कांग्रेस ने बनाई समिति, मोहन मरकाम बने संयोजक।








