पखांजुर (कांकेर)। कोयलीबेड़ा ब्लॉक की शिक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शासकीय प्राथमिक शाला तुरसानी में पिछले कई महीनों से केवल एक ही शिक्षक से पढ़ाई चल रही है। इससे नाराज़ अभिभावकों ने सोमवार को स्कूल में ताला जड़ दिया और बच्चों के साथ रैली निकालकर खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय पहुंच गए।
अभिभावकों ने स्कूल की चाबी अधिकारियों को सौंपते हुए चेतावनी दी कि जब तक स्कूल में कम से कम दो शिक्षकों की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक स्कूल का ताला नहीं खुलेगा।
अभिभावकों ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद शिक्षा विभाग ने ध्यान नहीं दिया। “बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है, एक शिक्षक से पूरे स्कूल का काम संभव नहीं,” एक अभिभावक ने कहा।
बच्चों ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया और जमकर नारे लगाए। ग्रामीणों का कहना है कि विभाग की लापरवाही से शिक्षा का स्तर लगातार गिर रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन कब इस गंभीर समस्या पर कार्रवाई करता है।
यह भी पढ़ें- Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर में बंदरों का आतंक! 3 दिन में 24 लोग घायल, दहशत में ग्रामीण।








