बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने ही पति की हत्या अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती, फिर बना खतरनाक रिश्ता
IBC24 के अनुसार ग्राम वटगन निवासी अमृत गिरी की पत्नी चंद्रिका गिरी की इंस्टाग्राम के जरिए बिहार निवासी टुन्ना कुमार शर्मा से जान-पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और फिर रिश्ता प्यार में बदल गया। टुन्ना चेन्नई में काम करता था, वहीं चंद्रिका अपने परिवार के साथ बलौदाबाजार में रहती थी।
पति को पत्नी की हरकतों पर शक हुआ, जिससे घर में आए दिन झगड़े होने लगे। इसी बात से परेशान होकर चंद्रिका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
25 अक्टूबर को रची गई हत्या की साजिश
घटना 25 अक्टूबर की है। उस दिन चंद्रिका अपने प्रेमी टुन्ना को चेन्नई से रायपुर बुलाकर अपने गांव वटगन लेकर आई। योजना के तहत उसने प्रेमी को घर की छत पर छिपा दिया और खुद अपने बच्चों को लेकर पास के गांव लेटरा में नाचा (आर्केस्ट्रा) कार्यक्रम देखने चली गई।
रात होते ही मौका पाकर टुन्ना ने घर में सो रहे अमृत गिरी पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद वह तुरंत चेन्नई भाग गया।
साइबर टीम ने किया खुलासा
शुरुआती जांच में मामला रहस्यमयी लग रहा था, लेकिन जब पुलिस ने पत्नी चंद्रिका से पूछताछ की तो वह बार-बार बयान बदलने लगी। शक गहराने पर सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने पूरा जुर्म कबूल लिया। साइबर सेल की मदद से पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और कॉल डिटेल्स के आधार पर आरोपी टुन्ना कुमार को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार बरामद
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी चल रही है।
सोशल मीडिया बना खतरनाक जाल
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर बने रिश्तों की खतरनाक सच्चाई को उजागर किया है। इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती ने न सिर्फ एक परिवार को तोड़ दिया बल्कि एक व्यक्ति की जान भी ले ली।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में बना इतिहास : पीएम मोदी ने खोला देश का पहला डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम।






