रायपुर। राज्य के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में बुधवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। अस्पताल के इमरजेंसी गेट के बाहर डस्टबिन के पास एक नवजात भ्रूण का शव पॉलीथिन में लिपटा मिला। यह देखकर अस्पताल में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में काम करने वाले सफाईकर्मी ने सबसे पहले शव देखा और जोर से चीखने लगा। इसके बाद वार्ड बॉय और अन्य स्टाफ मौके पर पहुंचे और मौदहापारा थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने तुरंत पहुंचकर भ्रूण को मरचुरी भिजवाया और CCTV फुटेज की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात का जन्म अस्पताल के अंदर हुआ था या बाहर से लाकर यहां फेंका गया। वहीं, अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को शक है कि किसी ने जन्म के तुरंत बाद नवजात को पॉलीथिन में डालकर फेंक दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
मौदहापारा थाना पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज और अस्पताल कर्मचारियों से पूछताछ के आधार पर आरोपी की पहचान की जाएगी। साथ ही, पुलिस ने कहा है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था और सख्त की जाएगी।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में दो युवकों की बर्बर पिटाई का वीडियो वायरल, एक को बांधकर पीटा, दूसरे के कपड़े उतरवाए।








