बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सरकंडा थाना क्षेत्र से सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। जहां कांग्रेस नेता अजय सिंह के बेटे संस्कार सिंह ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि संस्कार भोपाल में रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। लेकिन बार-बार असफल होने ने के कारण वह यह कदम उठाया।
घर में खुद को किया बंद, फिर चला दी गोली
यह पुरा घटना बिलासपुर के राजकिशोर नगर स्थित सरकंडा थाना क्षेत्र की है। मीडिया रिर्पोट अनुसार सोमवार करीब 12 बजे संस्कार घर की दूसरी मंजिल पर गया और कमरे को अंदर से बंद कर लिया। कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज आई। परिजन दौड़े और दरवाजा तोड़ा तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। कमरे के अंदर संस्कार खून से लथपथ हालत में पड़ा था। उसने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारी थी। परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
डिप्रेशन में था छात्र
संस्कार सिंह ने दो साल पहले 12वीं की परीक्षा पास की थी। इसके बाद से वह लगातार भोपाल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था। लेकिन कई बार कोशिश करने के बावजूद उसका सिलेक्शन नहीं हो पाया। परिजनों के मुताबिक, इसी कारण वह पिछले कई महीनों से डिप्रेशन में था। सोमवार को वह भोपाल कोचिंग के लिए वापस जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। घर में कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
कांग्रेस नेता का बेटा था मृतक
मृतक संस्कार सिंह कांग्रेस नेता अजय सिंह का बेटा था। अजय सिंह पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबी बताए जाते हैं। सिंह और उनका परिवार संयुक्त रूप से राजकिशोर नगर में रहते हैं। घटना के बाद परिवार और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर सरकंडा थाना प्रभारी नीलेश पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने कमरे की जांच की और परिजनों से पूछताछ की। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- शादीशुदा युवक ने मंदिर में रचाई फर्जी शादी, 3 साल तक करता रहा शोषण।






