रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 के लिए धान खरीदी की तारीख घोषित कर दी है। राज्य में 15 नवंबर से धान खरीदी की प्रक्रिया शुरू होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि “हमारी सरकार सबका धान खरीदेगी” जिससे लाखों किसानों को राहत मिलेगी।
इस बार सरकार को लगभग 160 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी की संभावना है। किसानों को प्रति क्विंटल 3100 रुपए का भुगतान किया जाएगा। इसके लिए राज्य सरकार ने नई धान उपार्जन नीति और कस्टम मिलिंग नीति तैयार कर ली है, जिसे जल्द कैबिनेट की बैठक में मंजूरी दी जाएगी।
छोटे किसानों को प्राथमिकता
धान बेचने वाले किसानों को इस बार ऑनलाइन टोकन जारी किए जाएंगे। खास बात यह है कि छोटे और सीमांत किसानों का धान पहले खरीदा जाएगा, ताकि उन्हें समय पर भुगतान और सुविधा मिल सके।
MSP पर होगी खरीदी
धान बेचने के लिए एग्रीस्टेक और एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। केवल पंजीकृत किसानों से ही न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर धान खरीदी की जाएगी।
मिलर्स और सोसाइटियों को राहत
राज्य सरकार इस बार धान खरीदी से जुड़ी सोसाइटियों और मिलर्स को भी नई छूट और सहूलियतें देने पर विचार कर रही है, ताकि खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा, “हमने जो वादा किया था, उसे निभा रहे हैं। बारिश के बावजूद 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू होगी। प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी।”
यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से तबाही: अब तक 52 की मौत,








