अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC ) ने वर्ष CGPSC Results 2024 के परीक्षा परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार सरगुजा जिले ने बड़ी सफलता हासिल की है। मैनपाट की चंचल पैंकरा ने एसटी कैटेगरी में पहला रैंक हासिल कर डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयन पाया है, जबकि सीतापुर के मयंक मंडावी ने दूसरा रैंक हासिल कर डिप्टी कलेक्टर बने हैं। दोनों युवाओं की सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है।
चंचल पैंकरा: सब्जी विक्रेता की बेटी बनी डिप्टी कलेक्टर
CGPSC द्वारा गुरुवार रात जारी किए गए रिजल्ट में काराबेल, मैनपाट निवासी चंचल पैंकरा ने एसटी वर्ग में टॉप किया है।
उनके पिता रघुबर प्रसाद पैंकरा सब्जी बेचते हैं, जबकि मां शुन्तिला पैंकरा गृहिणी हैं। पढ़ाई में शुरू से मेधावी रही चंचल ने लक्ष्य तय कर CGPSC की तैयारी की और पहली ही उपलब्धि में बड़ा मुकाम हासिल किया।
चंचल के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोग मोबाइल और सोशल मीडिया के माध्यम से शुभकामनाएं भेज रहे हैं।
मयंक मंडावी: GST इंस्पेक्टर से डिप्टी कलेक्टर तक का सफर
सीजीपीएससी के नतीजों में सीतापुर के कटनईपारा निवासी मयंक मंडावी ने एसटी कैटेगरी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
उनके पिता रमेश सिंह मंडावी वन विभाग में कर्मचारी हैं और मां देवमति सिंह गृहणी हैं। मयंक वर्तमान में जीएसटी विभाग में इंस्पेक्टर के रूप में कार्यरत थे। डिप्टी कलेक्टर बनने की खबर सुनकर परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। परिचितों और दोस्तों के बधाई संदेश लगातार पहुंच रहे हैं।






