Ration Scam Raipur: फर्जी स्टॉक दिखाकर उड़ाया 3 करोड़ का चावल, जांच शुरू।

By The Khabarbrief
On: Thursday, November 6, 2025 10:07 AM
---Advertisement---

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत चल रही राशन दुकानों में बड़ा घोटाला सामने आया है। खाद्य विभाग की जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है जिले की 61 राशन दुकानों से करीब 3 करोड़ रुपए मूल्य का चावल गायब है।

नईदुनिया के रिपोर्ट अनुसार, इन दुकानों में पहले से ही सैकड़ों क्विंटल चावल स्टॉक में मौजूद दिखाया गया था, फिर भी हर महीने नागरिक आपूर्ति निगम (नान) के गोदामों से नई खेप भेजी जा रही थी। जांच में सामने आया कि 100 वर्गफुट के छोटे गोदामों में क्षमता से कहीं अधिक चावल ऑनलाइन स्टॉक में दिखाया गया था, जो वास्तव में मौजूद ही नहीं था।

छह महीने से चल रहा था खेल

खाद्य विभाग की जांच में पता चला है कि यह गड़बड़ी एक-दो महीने की नहीं बल्कि पिछले छह महीने से जारी थी। नान अधिकारियों द्वारा उन दुकानों को भी चावल की सप्लाई की जा रही थी, जिनके स्टॉक ऑनलाइन पहले से भरे हुए दिख रहे थे।

अक्टूबर में जारी सूची के अनुसार, 61 दुकानों में करीब 8,000 क्विंटल चावल कम पाया गया। कुछ दुकानों में 100 क्विंटल तो कुछ में 400 क्विंटल तक की कमी दर्ज हुई। इस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन दुकानों को नई सप्लाई भेजने पर रोक लगा दी।

12 दुकानों ने बाजार से भरा चावल

खाद्य विभाग ने जब चावल वितरण पर रोक लगाई, तो 12 राशन दुकान संचालकों ने बाजार से खरीदकर अपने गोदामों में चावल का स्टॉक पूरा किया। अब तक 49 दुकानों में गड़बड़ी की जांच जारी है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, निरीक्षक स्तर पर बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिन अधिकारियों को ऑनलाइन और वास्तविक स्टॉक का मिलान करना था, उन्होंने सही रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की। इसी कारण 3 करोड़ रुपए से अधिक के चावल का घोटाला उजागर हुआ।

प्रशासन ने शुरू की विस्तृत जांच

खाद्य विभाग ने सभी संबंधित दुकान संचालकों से जवाब-तलब नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही सभी दुकानदारों की बैठक लेकर निर्देश दिया गया है कि स्टॉक तुरंत मेंटेन करें। जिन दुकानों में अनियमितता मिलेगी, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

“सभी राशन दुकानों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्टॉक का सही मेंटेनेंस करें। जिन दुकानों में गड़बड़ी पाई जाएगी, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।”
भूपेंद्र मिश्रा, नियंत्रक, जिला खाद्य शाखा रायपुर

यह भी पढ़ें- CG Dhan Kharidi News: धान खरीदी से पहले संकट, कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर, मंत्री रामविचार नेताम ने दी सख्त चेतावनी।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment