बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां को कुल्हाड़ी से मारकर मौत के घाट उतार दिया। वजह यह बताई जा रही है कि बेटे को शक था कि उसकी मां बच्चों पर टोना-टोटका करती है, जिससे बार-बार बीमार पड़ रहे थे। हत्या के बाद बेटा खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा और पूरा सच पुलिस को बता दिया।
कैसे हुआ विवाद
ग्राम सरवानी निवासी विष्णु केंवट (38) अपने परिवार से अलग रहता है। उसकी मां मंटोरा बाई (60) अकेले पुराने घर में रहती थी। विष्णु के बच्चों की तबीयत लंबे समय से खराब चल रही थी। डॉक्टरों से इलाज करवाने के बाद भी सुधार नहीं हुआ। परेशान विष्णु अपने बच्चों को लेकर बैगा गुनिया के पास झाड़-फूंक कराने गया।
झाड़-फूंक के दौरान बैगा ने कहा कि बच्चों की बीमारी की वजह उसकी मां है, जो उन पर टोना-टोटका कर रही है। यह सुनकर विष्णु गुस्से से भर गया। उसने मां से इस बारे में कई बार बात भी की और टोना-टोटका बंद करने की गुहार लगाई, लेकिन जब बच्चों की हालत में सुधार नहीं हुआ तो शुक्रवार दोपहर उसकी मां से फिर विवाद हो गया।
वारदात और कबूली
विवाद बढ़ने पर गुस्से में आकर विष्णु ने कुल्हाड़ी उठाई और मां पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। मंटोरा बाई की मौके पर ही मौत हो गया। हत्या के बाद विष्णु ने शव को वहीं छोड़ दिया और खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधे चकरभाठा थाने पहुंचा।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मी आरोपी की हालत देखकर हैरान रह गए। थाना प्रभारी उत्तम साहू ने बताया कि पहले उसे शांत कराया गया और फिर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने साफ-साफ बताया कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है।
पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम गांव पहुंची, जहां मंटोरा बाई का शव खून से लथपथ हालत में गली में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आरोपी विष्णु को गिरफ्तार कर लिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि बेटे को मां के खिलाफ भड़काने वाले बैगा की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
पारिवारिक हालात
मंटोरा बाई के पति अमरु केंवट की पहले ही मौत हो चुकी है। उनके दोनों बेटे अपनी-अपनी फैमिली के साथ अलग-अलग रहते हैं। बताया जाता है कि दोनों ही समय-समय पर मां पर टोना-टोटका करने का आरोप लगाते थे।
थाना प्रभारी उत्तम साहू ने कहा —
“दिनांक 19.09.2025 को विष्णु केंवट धारदार टंगिया लेकर थाने आया और स्वीकार किया कि उसने अपनी मां की हत्या कर दी है। आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
यह भी पढ़े। दसाई करमा की गूंज से गूंजा प्रतापपुर 5 अक्टूबर को महोत्सव और भूमि पूजन।






