नई दिल्ली: भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ (AI Impact Summit) में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम के बीच में ही विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया. इस घटना पर भारतीय जनता पार्टी ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है. भाजपा सांसद संबित पात्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस आलाकमान पर सीधे हमले किए और इसे भारत की छवि खराब करने की एक सोची-समझी साजिश करार दिया.
बारकोड के जरिए एंट्री और शर्ट उतारकर प्रदर्शन
संबित पात्रा ने घटना के तौर-तरीकों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह कोई अचानक हुआ विरोध नहीं था. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारी बारकोड लेकर समिट के भीतर दाखिल हुए थे और उन्होंने विरोध स्वरूप अपनी टी-शर्ट उल्टी पहनी हुई थी. पात्रा के अनुसार, बीच कार्यक्रम में शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना भारत की डिजिटल प्रगति का अपमान है.
’10 जनपथ’ पर बनी रणनीति: पात्रा का दावा
भाजपा नेता ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे गांधी परिवार का हाथ होने का दावा किया है. पात्रा ने कहा, “यह किसी युवा नेता द्वारा सड़क पर बनाई गई योजना नहीं थी. इसकी स्क्रिप्ट राहुल गांधी के आवास पर सोनिया गांधी और प्रियंका वाड्रा की मौजूदगी में लिखी गई थी.”उन्होंने इस घटना को ‘संयोग नहीं, बल्कि एक प्रयोग’ बताते हुए कहा कि कांग्रेस देश की प्रगति को पचा नहीं पा रही है.
कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए पात्रा ने उन्हें ‘देश का सबसे बड़ा गद्दार’ तक कह डाला. उन्होंने कहा कि जहाँ भी देश तरक्की करता है, कांग्रेस उसे बिगाड़ने का काम करती है.
पात्रा ने कहा कि कांग्रेस के लिए मेरे पास सिर्फ तीन शब्द हैं. बेशर्म, दिमागहीन और निर्लज्ज. उन्हें इतनी अक्ल नहीं है कि यह समिट भाजपा का नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का है.
युवाओं में नाराजगी का हवाला
पात्रा ने अंत में कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर की गई इस हरकत से देश का युवा वर्ग बेहद नाराज है। उन्होंने तर्क दिया कि जब दुनिया के दिग्गज भारत की डिजिटल पावर की तारीफ कर रहे हैं, तब मुख्य विपक्षी दल का ऐसा व्यवहार अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश को नीचा दिखाने जैसा है।







