बलरामपुर: छुई मिट्टी खदान धंसने से महिला की मौत, एक घायल; दो महिलाएं सुरक्षित

By The Khabarbrief
On: Friday, October 17, 2025 9:57 PM
---Advertisement---

बलरामपुर। बलरामपुर जिले के ककनेसा गांव में शुक्रवार सुबह छुई मिट्टी निकालने के दौरान खदान धंसने का दर्दनाक हादसा हुआ। इसमें सविता बाई (35) की मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हुई। हादसे के वक्त मौके पर मौजूद दो अन्य महिलाएं सुरक्षित बच गई। घटना से गांव में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गुरमुटी गांव की सविता बाई अपने पति विजय कुमार और तीन अन्य महिलाओं के साथ ककनेसा गई थी। यहां छुई मिट्टी की खदान से आसपास के ग्रामीण अक्सर मिट्टी निकालते हैं।

हादसे के समय सविता बाई और एक अन्य महिला खदान की सुरंग में थीं। अचानक सुरंग का ऊपरी हिस्सा धंस गया और दोनों महिलाएं मिट्टी में दब गई। आसपास की महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल महिला को तुरंत वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जबकि सविता बाई को करीब आधे घंटे की मुशक्कत के बाद बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि बिना सुरक्षा उपायों के खदानों में प्रवेश न करें। छुई मिट्टी का उपयोग ग्रामीण क्षेत्रों में दीवारों और घरों की रंगाई-पोताई के लिए किया जाता है। दीपावली के त्योहार के पहले महिलाएं घरों की रंगाई के लिए यह मिट्टी निकालती हैं, लेकिन इस काम में हमेशा जोखिम रहता है।

तहसीलदार का बयान
वाड्रफनगर तहसीलदार अनुराग केरकेट्टा ने मौके पर पहुंचकर पंचायत प्रतिनिधियों को खदानों में असुरक्षित तरीके से काम रोकने के निर्देश दिए और ग्रामीणों से सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।

यह भी पढ़ें- राइज एंड फॉल’ के पहले विजेता बने अर्जुन बिजलानी, जीता ₹28 लाख का इनाम – आरूष भोला और अरबाज़ पटेल रहे रनर-अप।

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment